भुवनेश्वर , नवंबर 07 -- ओडिशा में आठ साल के अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय रग्बी की वापसी होने जा रही है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 14 और 15 नवंबर को एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा।

इस चैंपियनशिप में भारत, हांगकांग चीन, श्रीलंका, मलेशिया, उज्बेकिस्तान, थाईलैंड, सिंगापुर, चीनी ताइपे, नेपाल और जॉर्डन सहित 10 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में सात टीमें भाग लेंगी।

खेल एवं युवा सेवा विभाग, रग्बी इंडिया और ओडिशा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतियोगिता की घोषणा की गई। इस दौरान इसका आधिकारिक लोगो और भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों का भी अनावरण किया गया।

ओडिशा में आखिरी अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता 2018 में एशिया रग्बी अंडर-18 गर्ल्स सेवन्स चैंपियनशिप के रूप में आयोजित हुई थी। इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता की वापसी से युवा भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

भारतीय महिला टीम 2025 के आयोजन में अपने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी, जब उसने बिहार के राजगीर में कांस्य पदक जीता था। वहीं, पुरुष टीम भी घरेलू मैदान पर दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। चैंपियनशिप का लोगो ओडिशा की पारंपरिक झोटी चिता कला से प्रेरित है। इसमें अर्धवृत्ताकार आकृति के साथ रग्बी गेंद को शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित