नयी दिल्ली , मई 19 -- जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस अब आठ की जगह 20 डिब्बों के साथ रेल पटरियों पर दौड़ेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 22 मई को जोधपुर में आयोजित समारोह में गाड़ी संख्या 26481/82, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में डिब्बों की संरचना में बदलाव (डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20) तथा गाड़ी संख्या 20485/86, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस के जैसलमेर तक विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
गौरतलब है कि जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानममंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 सितंबर 2025 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
रेलवे ने मंगलवार को बताया कि यह ट्रेन यात्रियों को रेल यात्रा का नया अनुभव प्रदान कर रही है तथा यात्रियों में बहुत ही लोकप्रिय हो रही है। इस ट्रेन के मेड़ता रोड़, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अलवर, रेवाडी और गुडगाँव में वंदे भारत ट्रेन के ठहराव होने से इस क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सफर की अनुभूति मिल रही है। यह वंदे भारत ट्रेन जोधपुर के पर्यटन स्थलों, मेड़ता में मीरा बाई के मंदिर, मकराना के मार्बल उद्योग, सांभर की नमक इंडस्ट्रीज, जयपुर में पर्यटन, शिक्षा तथा चिकित्सा, अलवर के निकट सरिस्का अभ्यारण, भर्तहरि और पांडुपोल दर्शनार्थियों तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रोजगार के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रही है।
रेलवे ने कहा कि इस रेल सेवा से यात्री करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और क्षेत्र के निवासियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर इस ट्रेन के डिब्बों की संरचना में बदलाव किया जा रहा है। इस ट्रेन में डिब्बों की संख्या को आठ से बढ़ाकर 20 किया जा रहा है ताकि अधिकाधिक यात्री लाभान्वित हो सके और अधिक सीटों की उपलब्धता रहने से यात्रियों को सफर में आसानी रहेगी।
स्वर्ण नगरी के नाम से विख्यात जैसलमेर, राजस्थान का प्रमुख पर्यटक स्थल होने के साथ-साथ सामरिक दृष्टिकोण से भी बहुत महत्वपूर्ण है। सोनार किला, पटवों की हवेली, बड़ा बाग, थार में फैला मरूस्थल पर्यटकों के आकर्षण के केन्द्र है। जैसलमेर में पर्यटकों की आवाजाही में रेलवे की अहम भूमिका रहती है। विशेषकर सर्दियों के मौसम में देश और विेदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक रेल के माध्यम से पहुंचते है।
साबरमती से जोधपुर तक संचालित होने वाली रेल सेवा का जैसलमेर तक विस्तार होने से जैसलमेर की ओर सम्पर्क मजबूत होगी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को विशेष लाभ होगा और क्षेत्र में नए सम्पर्क स्थापित होंगे तथा जैसलमेर में पर्यटन जनित रोजगारों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही चिकित्सा और षिक्षा के लिए जोधपुर और अहमदाबाद जाने वाले निवासियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित