नोएडा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 107 स्थित एक सोसाइटी के एल टॉवर की आठवीं मंजिल से रीइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा अचानक नीचे गिर जाने से एक घरेलू सहायिका घायल हो गयी।

सोसाइटी निवासियों द्वारा मंगलवार को घायल महिला की फोटो वीडियो जारी कर जानकारी देते हुए बताया कि रीइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट का भारी टुकड़ा सोसाइटी में काम करने वाली सहायिका नीलम के सिर पर गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में बारह टांके लगाए गए। घटना के बाद सोसाइटी में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

निवासियों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से सोसाइटी में खराब निर्माण गुणवत्ता, जगह-जगह गिरते प्लास्टर, टूटते आरसीसी और संरचनात्मक खतरों को लेकर लगातार शिकायत करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार बिल्डर, एओए और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सोसाइटी के संरचनात्मक लेखापरीक्षा में कई कॉलम और हिस्सों को "उच्च जोखिम श्रेणी में रखा गया था। इसके बावजूद पिछले करीब दस महीनों से जरूरी मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। निवासियों का आरोप है कि चेतावनियों को लगातार नजरअंदाज किया गया, जिसकी वजह से अब लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

सोसाइटी के कई निवासियों ने प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित