नयी दिल्ली , मार्च 24 -- रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाने की मांग की।
रिपब्लिकन पार्टी ने एक बयान में श्री आठवले की प्रधानमंत्री से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और कहा कि इस दौरान श्री आठवले ने राज्यसभा में पुनः अवसर दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।
पार्टी ने कहा कि श्री आठवले ने इस मुलाकात के दौरान श्री मोदी से अनुसूचित जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाने की भी मांग की और कहा कि इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा तथा रोजगार के विशेष अवसर दिए जाने का मुद्दा उठाया।
श्री आठवले ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहने के लिए दृढ़ संकल्पित है, इसलिए उन्होंने इस मुलाकात के दौरान इन वर्गों के छात्रों की छात्रवृत्ति में वृद्धि का विषय भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा, जिससे इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की विचारधारा को सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बताते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि श्री मोदी के नेतृत्व में इन मूल्यों को और सशक्त किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित