बैतूल , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आठनेर पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन के मामले में चार गौवंश बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों व्यक्ति गौवंश को पैदल महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक 01 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौवंश को पैदल हांककर महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इस दौरान दो व्यक्तियों को चार गौवंश के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गौवंश के मुंह आपस में बांधे गए थे।
पुलिस ने सीताराम बछले (45), निवासी मोरेंड, थाना मुलताई के कब्जे से दो गाय तथा माखन सेमरे (55), निवासी खटगड़, थाना आठनेर के कब्जे से दो बछड़े बरामद किए। बरामद गौवंश की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ और जांच के आधार पर गौवंश को महाराष्ट्र की ओर ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। पशुओं के साथ कथित क्रूरता को लेकर भी कार्रवाई की गई है। मामले में मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित