भोपाल , मई 18 -- जनजातीय वर्ग के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार अभियान "जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले" शुरू किया गया है।
जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने विभाग के मैदानी अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन तथा लक्षित हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त सह संचालक जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजना डॉ. सतेन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान जनजातीय समुदाय के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों की जनपद पंचायतों के चयनित ग्रामों में लाभार्थी संतृप्ति शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा।
अभियान के तहत आयोजित शिविरों में 18 विभागों की 25 सेवाओं का लाभ जनजातीय वर्ग के ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
शिविरों के आयोजन के लिए अपर संचालक श्रीमती रीता सिंह को राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि जिला स्तर पर संबंधित जिले के सहायक आयुक्त और जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 267 विकासखंडों के 11 हजार 377 ग्राम लाभान्वित होंगे, जबकि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 122 विकासखंडों के 5 हजार 113 ग्रामों को लाभ मिलने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित