जयपुर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम, कठिन परिश्रम और अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ राजनीति की परिभाषा ही बदल दी और आज उनका नाम संकल्प से सिद्धि का पर्याय बन गया है।

श्री शर्मा बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा के जयपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के गौरवशाली सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष आज ही के दिन वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुए थे। उन्होंने श्री मोदी को उनकी इस गौरवशाली यात्रा के लिए प्रदेश की जनता की ओर से शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष हैं। वर्ष 2014 के बाद देश में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। राष्ट्र प्रथम, कठिन परिश्रम और अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ श्री मोदी ने राजनीति की परिभाषा बदल दी। उन्होंने सत्ता को साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया और आज नरेंद्र मोदी का नाम संकल्प से सिद्धि का पर्याय बन गया है।

श्री शर्मा ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण सहित राष्ट्रहित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिए गये हैं। सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान श्री मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से विकास की नयी ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में जल प्रबंधन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, किशाऊ और नर्मदा जैसी परियोजनाएं राजस्थान के लिए बड़ी सौगात हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं। जयपुर में रिंग रोड, जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण तथा अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश के हवाई अड्डों को भी आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा और विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होना देश और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये। एकात्म मानववाद के ध्येय को ध्यान में रखते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित