जोधपुर , जून 06 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है जिसकी आजादी के बाद आवश्यकता थी और पिछले 12 साल के कालखंड में देश अविश्वास के माहौल से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ा है।

श्री शेखावत ने शनिवार को जोधपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में लोकतंत्र और व्यवस्था के प्रति लोगों के मन में अविश्वास का माहौल पैदा हो गया था, क्योंकि निरंतर भ्रष्टाचार और बड़े- बड़े घोटाले हो रहे थे। कूटनीतिक विफलताओं ने हालात और खराब कर दिये थे, जिससे देश लगातार आर्थिक मोर्चे पर विफल हो रहा था। आलम यह था कि देश गिरती अर्थव्यवस्था वाले देशों की श्रेणी में शुमार हो गया था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद वहां से निकलकर हम आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 140 करोड़ लोगों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में समग्र विकास को लेकर प्रयास किए गए हैं, जिसके तहतकई क्रांतिकारी योजनाओं को धरातल पर उतरा गया, जिससे सामान्य मानवीय के जीवन में परिवर्तन आया।

श्री शेखावत ने कहा कि देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को फ्यूचर रेडी बनाया गया। राष्ट्रहित के साथ कोई समझौता न हो, इस दृष्टिकोण से काम किया गया। देश को आर्थिक मजबूती के लिए कड़े और बड़े फैसले लिये गये। श्री शेखावत ने कहा कि जब पूरी दुनिया भू-राजनीतिक उथल-पुथल के ताप से ग्रसित है, हाल में जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार ऐसे समय में भी भारत की तीसरी तिमाही की आर्थिक विकास की दर 7.8 प्रतिशत आंकी गयी है।

उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से श्री मोदी के नेतृत्व वाला कालखंड आर्थिक सशक्तिकरण का कालखंड तो रहा ही, वहीं यह सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कालखंड भी बना। उन्होंने कहा कि श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने प्रभावी काम किया है और राजस्थान की तस्वीर को बदलने वाला काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में परिस्थितियां अच्छी नहीं थीं। कुर्सी की रस्साकसी का खेल चल रहा था। सरकार कभी होटलों में दिखाई देती थी। कभी जैसलमेर के गढ़ किलों में दिखाई देती थी। वहां से निकलकर एक स्थाई और सशक्त शासन की छवि भजनलाल शर्मा ने स्थापित की है।

शिमला में विदेशी महिला के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पूछे गये सवाल पर श्री शेखावत ने कहा कि ऐसी हर घटना हमारे लिए निंदनीय है। इसलिए यह हमारे लिए संकल्प लेने का भी समय है कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, लेकिन हमें ऐसी घटनाओं को प्रचारित नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे देश को कोई लाभ नहीं होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित