वाराणसी , मई 04 -- पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणामों के बीच पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को लेकर वाराणसी में जश्न का माहौल देखा गया। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने लखनऊ से वाराणसी पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उत्साहपूर्वक जीत का जश्न मनाया। सिगरा स्थित मंत्री के कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। चुनाव परिणाम स्पष्ट होते ही ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर झालमुड़ी और रसगुल्ले बांटकर जश्न मनाया गया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने इस जीत को "ऐतिहासिक परिवर्तन" बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति को जनता ने नकार दिया है और विकास तथा सुशासन के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से भय और अराजकता का माहौल था, जिससे जनता अब मुक्ति चाहती थी।

उन्होंने कहा, "आज गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल चुका है। यह केवल एक राज्य की जीत नहीं, बल्कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत है।" मंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब तुष्टिकरण और झूठे वादों की राजनीति से ऊब चुकी है तथा अब विकास, पारदर्शिता और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से स्थापित राजनीतिक समीकरणों के बावजूद यह परिणाम बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। युवा कार्यकर्ताओं ने इसे "नए भारत की शुरुआत" बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित