रायपुर , सितम्बर 22 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केकराखोली में योजना के तहत निर्मित आजीविका डबरी स्थानीय निवासी जगदेव के परिवार के लिए अतिरिक्त आय और स्वरोजगार का माध्यम बनने जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सीमित संसाधनों के बीच पारंपरिक खेती पर निर्भर जगदेव के लिए वित्तीय वर्ष 2026 में वीबी-जी रामजी योजना के तहत आजीविका डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। डबरी के निर्माण से उनके खेत में जल संग्रहण की स्थायी व्यवस्था हुई है।

वर्तमान में डबरी में पर्याप्त पानी उपलब्ध है। इसे देखते हुए जगदेव ने इसमें मछली पालन शुरू करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि डबरी से जल संरक्षण के साथ अतिरिक्त रोजगार और आमदनी का अवसर भी मिलेगा। मछली पालन के कार्य में परिवार के सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं।

जगदेव ने बताया कि मछली पालन से होने वाली आय का उपयोग बच्चों की शिक्षा, कृषि कार्यों के आधुनिकीकरण और परिवार की आर्थिक जरूरतों के लिए करने की योजना है।

प्रशासन के अनुसार आजीविका डबरी जैसी परिसंपत्तियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के साथ स्वरोजगार और आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित