आज़मगढ़ , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गोवध एवं पशु तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह के 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र इस्माइल के रूप में हुई है। उस पर अपने साथियों के साथ प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उन्हें अन्य राज्यों में तस्करी के लिए भेजने का आरोप है।

प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार तथा एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज के उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर करनेहुआ डिग्री कॉलेज के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

जांच में सामने आया है कि सोनू उर्फ जावेद निवासी फत्तेपुर कथित रूप से एक गिरोह संचालित करता है, जिसमें आरिफ के अलावा धर्मेन्द्र गुप्ता, बुद्धू उर्फ फैजान, पप्पू उर्फ अली अहमद और राजकुमार शामिल बताए गए हैं। यह गिरोह आज़मगढ़ और मऊ जनपदों में सक्रिय होकर प्रतिबंधित पशुओं के वध और तस्करी में संलिप्त था।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2024 को ग्राम शिवरामपुर में एक पिकअप वाहन से दो प्रतिबंधित पशु बरामद किए गए थे। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपपत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि आरिफ की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित