आजमगढ़ , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 2.87 करोड़ रुपये की जमीन ठगी के आरोपी शातिर गैंगस्टर कृष्णचन्द्र राय को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने बताया कि आरोपी कृष्णचन्द्र राय फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन बेचने के नाम पर ठगता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अब तक करीब 12 वारदातों को अंजाम देकर लगभग 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की है।
पुलिस के अनुसार, मधुबन निवासी रूद्रान्श राय की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि कृष्णचन्द्र राय ने वर्ष 2023 में कोडर-अजमतपुर क्षेत्र की जमीन दिखाकर प्रति बिस्वा 10 लाख रुपये के हिसाब से सौदा तय किया और किस्तों में 33.30 लाख रुपये अग्रिम ले लिए। बाद में जांच में पता चला कि दिखाई गई भूमि का बड़ा हिस्सा बंजर है और कई गाटा संख्या उस स्थान से संबंधित ही नहीं हैं। आरोपियों ने राजस्व अभिलेखों का कूटरचित नक्शा-नजरी बनाकर उस पर राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार की फर्जी मुहर व हस्ताक्षर भी लगा दिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अभियुक्त कृष्णचन्द्र राय, उसकी पत्नी रेनू राय, पुत्र संगम राय समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरदह थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय को अजमतपुर कोडर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और ठगी से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित