आजमगढ़ , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को एक बड़ी सफलता मिली। ऑनलाइन अश्लील सामग्री के प्रसार और कथित साइबर ठगी के मामले में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर लड़की की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाता और टेलीग्राम के जरिए अश्लील वीडियो कॉलिंग व आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लेता था। उसके मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियां मिली हैं, जबकि बैंकिंग रिकॉर्ड में करीब 4.34 लाख रुपये के क्रेडिट ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर सेल और थाना जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपाल चौहान (22), निवासी असरूपुर, थाना जीयनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 2,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामला ऑनलाइन अश्लील सामग्री के प्रसार और धोखाधड़ी कर धनराशि प्राप्त करने से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर लड़की की पहचान का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लोगों से संपर्क करता था। इंटरनेट से प्राप्त तस्वीरों और अश्लील वीडियो के स्क्रीनशॉट के जरिए लोगों को आकर्षित कर टेलीग्राम पर वीडियो कॉलिंग एवं आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लेता था। कुछ लोगों से धोखे से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी से 22 अक्टूबर 2026 तक की उपलब्ध बैंकिंग हिस्ट्री में करीब 4.34 लाख रुपये के क्रेडिट ट्रांजेक्शन मिले हैं। मोबाइल की प्रारंभिक जांच में विभिन्न वेबसाइटों की सर्च हिस्ट्री, टेलीग्राम चैट और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का सत्यापन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित