आजमगढ़ , मार्च 12 -- आजमगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लखनऊ और गंभीरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मिनी कंटेनर ट्रक से करीब 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा 14 बोरियों में भरा हुआ था। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद तथा मिनी कंटेनर ट्रक भी जब्त किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि आज एसटीएफ लखनऊ और गंभीरपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से भारी मात्रा में गांजा एक मिनी कंटेनर ट्रक में लादकर आजमगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी तथा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी।

चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा से लगभग 200 मीटर पहले संदिग्ध मिनी कंटेनर ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम राजीव कुमार यादव (38) , निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया बताया। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बनाई गई प्लास्टिक की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई 14 बोरियों में कुल 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे अमौड़ा टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस से बचने के लिए वह मिनी कंटेनर ट्रकों में बनाई गई गुप्त कैविटी और प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाता था ताकि सामान्य चेकिंग में पकड़ा न जा सके।

इस संबंध में गंभीरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क तथा अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित