आजमगढ़ , जून 30 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने आज वन विभाग के डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव को 7,500 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। अधिकृत सूत्रों ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज विश्वकर्मा ने पेड़ कटान की ऑनलाइन अनुमति के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव ने इस काम के एवज में मनोज से रिश्वत की मांग की। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत,मंगलवार को शिकायतकर्ता मनोज विश्वकर्मा को केमिकल लगे 7,500 रुपये देकर डीएफओ कार्यालय भेजा गया। कार्यालय के आसपास एंटी करप्शन की टीम सादे कपड़ों में पहले से ही मुस्तैद थी। जैसे ही स्टेनो कपिलदेव यादव ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, वैसे ही टीम ने घेराबंदी करके उसे कार्यालय के मुख्य गेट के पास से रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित थाने पहुंची, जहाँ उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कपिलदेव यादव मूल रूप से सिधारी थाना क्षेत्र का निवासी है और साल 2001 से वन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित