आजमगढ़ , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बााद दो गोकश तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, पशु अवशेष, चापड़ और अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बीती देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोकशी के आरोप में दो सगे भाइयों जमील और सलमान को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जमील के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर भेजा गया। लालगंज क्षेत्रधिकारी आस्था जायसवाल के अनुसार, 25 अक्टूबर की देर रात थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सरसेना खालसा के कुछ लोग प्रतिबंधित पशु का वध कर मांस बेचने के बाद अवशेष मोटरसाइकिल से ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने खराटी से आवक मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जमील घायल हो गया, जबकि उसके भाई सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर छुट्टा प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर उनका वध करने और मांस बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित