आजमगढ़ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने धर्मांतरण के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने गुरुवार को बताया कि रौनापार थाना क्षेत्र में सत्संग के नाम पर ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार को पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि 24 मार्च को ग्राम अराजी नौबरार करखिया में आयोजित एक कार्यक्रम के संबंध में शिकायत मिली थी, जिसमें उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जाने का आरोप था। इस पर थाना रौनापार में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 25 मार्च को पुलिस टीम ने पचपुलिया इस्माइलपुर के पास घेराबंदी कर नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामकिशुन (74), महेंद्र प्रजापति (45), बिंदू प्रजापति (38), अनिरुद्ध पटेल (42) और अक्षय कुमार (25) शामिल हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से दो बाइबिल, एक अन्य धार्मिक ग्रंथ, एक नोटबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जिले में इस प्रकार की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित