आजमगढ़ , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में टप्पेबाजी और चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए तरवां और मेहनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक लालगंज भूपेश कुमार पांडे ने शुक्रवार को बताया कि तरवां थाना पुलिस की कंचनपुर नहर के पास संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र निवासी मुकेश यादव पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी कमलेश को भी मौके से पकड़ लिया गया, जबकि विकास यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में आसपास के थानों को सतर्क कर घेराबंदी की गई। इसी क्रम में मेहनगर थाना पुलिस ने कटहन नहर पुलिया के पास संदिग्ध की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी विकास यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी में प्रयुक्त पीली धातु की वस्तुएं, एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस तथा नकदी बरामद की गई है। दोनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित