आजमगढ़ , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात को रफ्तार का कहर देखने को मिला,जहां एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग लोहे के मलबे में तब्दील हो चुके वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चार जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थीं। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर एक अनियंत्रित अर्टिगा कार सड़क के किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से बेहद तेज रफ्तार में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ंत की आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग दहल उठे और तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था और उसमें बैठे लोग खून से लथपथ हालत में अंदर फंसे हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही देवगांव पुलिस और स्थानीय राहगीर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कार के भीतर फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से तत्काल सभी पांच घायलों को इलाज के लिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया। अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की पहचान अजमल आलम के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल में उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर (वाराणसी) के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया की शुरुआती जांच और शिनाख्त में पता चला है कि अर्टिगा कार में सवार सभी लोग झारखंड राज्य के पलामू जिले के अंतर्गत मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के रहने वाले थे। अभी इनका स्पष्ट नाम पता नहीं चल सका है । पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को फोन के जरिए दे दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित