आजमगढ़ , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक कार को ओवरटेक कर उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात में कार सवार दो युवक गोलियों से छलनी हो गए जिनमें से एक की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने गुरुवार को बताया कि जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव निवासी सुशील कुमार (24) बीती देर रात करीब 12 बजे अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव के साथ कार से एक भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। उमाशंकर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के निवासी हैं। दोनों की कार रानीपुर गांव के पास पहुंची कि पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उन्होने बताया कि गोली लगने से कार सवार दोनों युवक लहुलूहान होकर सीट पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि घायल पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है। एसएसपी ने बताया कि मामले के खुलासे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित