आजमगढ़ , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक अवैध असलहा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और मौके से तैयार व अर्धनिर्मित तमंचों के साथ हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक छप्पर के नीचे अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विंध्याचल पुत्र स्वर्गीय राधिका निवासी देवलर गांव, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में बिरजा निवासी सहदेवगंज थाना महाराजगंज तथा अंगद सिंह निवासी भवानीपुर थाना अतरौलिया शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तैयार तमंचा, कारतूस, अर्धनिर्मित तमंचे तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त ग्राइंडर मशीन, आरी ब्लेड, रेती, हथौड़ा, सरिया, छेनी, नाल, बोल्ट, लोहे की पट्टियां, भट्टी, पंखा और लोहे के पाइप सहित पूरा उपकरण बरामद किया। पुलिस का अनुमान है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में अवैध असलहों का निर्माण कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों बिरजा और अंगद सिंह के साथ मिलकर अवैध तमंचे बनाता था और उन्हें कारतूस सहित बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित