आजमगढ़ , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच रविवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल होने के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के छह लाख के आभूषण एवं अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉक्टर अनिल कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से आजमगढ़ के तीन थानों में दर्ज चोरी की छह घटनाओं का खुलासा हुआ है।
कप्तानगंज पुलिस ने कल देर रात मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा (34) और दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ (29), निवासी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रात में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम जफरामऊ स्थित रानीपुर तिराहे के पास पुलिस टीम ने एक ऑटो रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखकर दोनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, सोने की अंगूठियां, झुमके, मंगलसूत्र, चेन, मांग टीका, नथ तथा चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी बरामद की हैं। इसके अलावा 7,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी और चोरी में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा भी मिला है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बंद मकानों की रेकी कर रात में चोरी करने की बात स्वीकार की है। उनके बताए अनुसार कप्तानगंज के फिरतूपुर, कंधरापुर क्षेत्र के करेन्हुआ और आदिपुर भनवथ तथा जीयनपुर क्षेत्र के अंखीपुर, बलुआ और परनकुंडा कैता में चोरी की घटनाओं से जुड़े सुराग मिले हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित