आगर-मालवा , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में महाशिवरात्रि का पावन पर्व भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया गया। वही जिले के प्राचीन और ऐतिहासिक बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही जिलेभर और अन्य क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन हेतु पहुंचे।
प्रातःकालीन रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर गर्भगृह के बाहर से ही दूल्हे के रूप में सजे बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन किए। आकर्षक श्रृंगार और सजावट भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
मंदिर परिसर फूलों से सजाया गया और विद्युत रोशनी की गई। दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए राजस्व और पुलिस विभाग का अमला मुस्तैदी से तैनात रहा। मंदिर में 400 पुलिस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था की गई। भक्तों को 150 क्विंटल फलिहारी खिचड़ी का प्रसाद वितरण भी किया गया।
बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार आगर-मालवा स्थित मिलेट्री छावनी की अंग्रेज सेना के तत्कालीन अधिकारी कर्नल मार्टिन दंपति द्वारा और सार्वजनिक रूप से राशि एकत्र कर किया गया था। मंदिर में 1971 से अखंड ज्योति और 1982 से अखंड रामायण का पारायण निरंतर चल रहा है। 1980 से मासिक जागरण और शिवरात्रि के अवसर पर सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें श्रीमद्भागवत कथा, विशेष हवन, पूजन और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलता है।
जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों जैसे अचलेश्वर महादेव, महाकाल मंदिर, मंगलेश्वर महादेव, नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर (ग्राम गोंदलमऊ), लालूखेंडी, पांडवकालीन पंचहदेहरिया महादेव मंदिर, सुसनेर के मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, नलखेड़ा, सोयतकला, बड़ौद, कानड़, तनोड़िया और पिपलोनकलां के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने शिव आराधना की। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुगमता से दर्शन कर महाशिवरात्रि पर्व का आध्यात्मिक आनंद लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित