आगर-मालवा , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले के सोयतकलां में नौ वर्षीय नाबालिक के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिजनों की मांग पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अफरोज उर्फ नसरू पिता मोईन उद्दीन के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध मकान को तत्काल तोड़े जाने की मांग को लेकर सोयतकलां थाना प्रभारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उज्जैन-झालावाड़ वाया आगरमालवा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान के अवैध हिस्से को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।

इस दौरान सुसनेर एसडीएम, एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा तथा तहसीलदार राजेश्वर श्रीमाल सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। बुलडोजर कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित