फिरोजाबाद , जून 19 -- फिरोजाबाद में नसीरपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ से दिल्ली जा रही यात्री स्लीपर बस खड़े ट्रक ट्रेलर से टकरा गयी। इस हादसे में चालक समेत 11 यात्री घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन 58 के समीप एक स्लीपर बस खड़े ट्रैक्टर ट्रेलर से जाकर टकरा गई। दुर्घटना में बस ट्रक में फस गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और यूपीडा की राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को निकाल कर एंबुलेंस से शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।

बस चालक जयप्रकाश निवासी सुल्तानपुर की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए रेफर कर दिया गया है। बस में कुल 45 यात्री सवार थे जो आजमगढ़ से दिल्ली जा रहे थे। पुलिस में दुर्घटना के बाद बाधित हुए यातायात को सुचारु कराया। पुलिस का अनुमान है कि बस चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित