आगरा , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार को शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत एक दिव्यांग पीड़ित तहसील परिसर में एसडीएम की गाड़ी के आगे बैठ गया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सिकंदरा क्षेत्र के बाईं पुर निवासी किशन बघेल का आरोप है कि उसके पड़ोसी होरीलाल ने भैंस बांधने के लिए उसके दो जर्जर कमरे ले लिए थे। करीब तीन महीने पहले किशन बघेल ने कमरे खाली करने के लिए कहा, लेकिन होरीलाल ने कमरे खाली करने से इनकार कर दिया और उन पर कब्जा कर लिया।

पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत तहसील में की थी और 25 दिसंबर 2025 से लगातार शिकायतें कर रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने विरोध स्वरूप एसडीएम सदर की गाड़ी के आगे बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि विवादित जमीन वर्ष 1987 में किशन बघेल की मां को नसबंदी के एवज में सरकारी पट्टे के रूप में मिली थी। किशन बघेल का आरोप है कि उसी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।

काफी देर तक समझाने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने किशन बघेल को एसडीएम की गाड़ी के सामने से हटाया। मामले को लेकर प्रशासन द्वारा जांच की बात कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित