आगरा , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में पड़ोसियों के साथ विवाद में 25 वर्षीय युवक की पीट-पीट कर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार शाम को एत्मादपुर थाना इलाके के महासिंह खेड़ा गांव में अमित और उसके परिवार का पड़ोसियों से नाली को लेकर विवाद हो गया। पड़ोसियों ने फावड़े और लोहे की सरियों से उन पर हमला कर दिया। हमले में अमित सहित तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
बुधवार को होली के दिन इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं लिहाजा गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रहीं हैं। मृतक अमित के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। बाकी घायल दो अन्य लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित