आगरा , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मॉर्निंग वॉक पर जा रही एक वृद्ध महिला पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 22 फरवरी की सुबह सोना देवी नामक वृद्ध महिला टहलने निकली थीं। इसी दौरान श्याम वर्मा नामक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद में श्याम वर्मा ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय सुबह का हल्का अंधेरा था और आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे हमलावर की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के लगभग एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान था। वारदात के समय उसके पास चाकू मौजूद था। आरोपी श्याम वर्मा घटना स्थल के निकट का ही निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित