आगरा , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में आगरा को बड़ी सौगात देने जा रही है। उज्जैन के 'महाकाल लोक' की तर्ज पर शहर के ऐतिहासिक बल्केश्वर पार्क को 8.81 करोड़ रुपये की लागत से भव्य 'शिव लोक थीम पार्क' के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जुलाई को कर चुके हैं और अब इसके निर्माण की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार 15वें वित्त आयोग के फंड से विकसित होने वाला यह थीम पार्क करीब 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में तैयार होगा। पार्क में भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जबकि शिव पुराण और भगवान शिव के 19 अवतारों का आकर्षक एवं सजीव चित्रण किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर भव्य नंदी द्वार बनाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए साउंड एंड लाइट शो, रंग-बिरंगे फव्वारे और आधुनिक लैंडस्केपिंग की व्यवस्था होगी।

यमुना तट के समीप स्थित प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर के निकट बनने वाला यह पार्क श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक अनुभव का नया केंद्र बनेगा। यहां आने वाले लोगों को धार्मिक वातावरण के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पार्क का उद्देश्य बल्केश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर विश्राम स्थल उपलब्ध कराना और आगरा के पर्यटन आकर्षण को ताजमहल से आगे भी विस्तार देना है।

अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 8.81 करोड़ रुपये की लागत से पुराने बल्केश्वर पार्क का पूर्ण कायाकल्प किया जाएगा। इसे अत्याधुनिक, सुंदर और शांतिपूर्ण आध्यात्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।

स्थानीय पार्षद मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से मिलने वाली यह परियोजना बल्केश्वर क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। इससे बल्केश्वर महादेव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही पूरे ब्रज क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित