आगरा , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में आगरा के बासौनी क्षेत्र में चंबल के जंगली बीहड़ों में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग से सैकड़ों वन्य जीवों के जीवन पर संकट उत्पन्न हो गया है। बताया गया है कि आग अचानक लगी और धीरे-धीरे कई एकड़ क्षेत्र में फैल गई, जिससे जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर प्रभावित हुआ है। आग लगातार फैल रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं। स्थानीय ग्रामीण भी आग बुझाने में सहयोग कर रहे हैं।

बीहड़ का दुर्गम भू-भाग राहत कार्य में बाधा बन रहा है। रास्ते ऊबड़-खाबड़ और संकरे होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। अब तक एक दमकल वाहन मौके पर पहुंच सका है और कर्मचारी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन को उम्मीद है कि स्थानीय लोगों और संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयास से देर शाम तक आग पर नियंत्रण पा लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित