आगरा , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि थाना शाहगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति एटीएम से रुपये निकालने गया था, लेकिन वह किसी कारणवश पैसे नहीं निकाल पाया। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और असली कार्ड अपने पास रखकर नकली कार्ड पीड़ित को दे दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित का पिन कोड भी देख लिया और बाद में प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के जरिए लगभग 16 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों दिल्ली निवासी सोनू, मेरठ निवासी वैभव और मुजफ्फरनगर निवासी वैभव को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से प्वाइंट ऑफ सेल मशीन भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल कर वे एटीएम कार्ड से लेन-देन करते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में भी एटीएम कार्ड बदलकर करोड़ों रुपये की ठगी की है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित