बड़वानी , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सुभद्रा परमार समेत 10 लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार सालीकला के समीप घाट पर सुभद्रा परमार के वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह कई बार पलटकर गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद घायलों को सेंधवा के शासकीय और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन के सामने अचानक एक दोपहिया वाहन आ जाने से चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोपहिया वाहन सवार सुरक्षित निकल गया।

सेंधवा सिविल अस्पताल में सात महिलाओं और चालक दिलीप का उपचार किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुभद्रा परमार और एक अन्य महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कर बाद में इंदौर रेफर किया गया। उन्हें सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट आई है।

सुभद्रा परमार के परिजनों के अनुसार उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे सेंधवा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बड़वानी लौट रही थीं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित