आगरमालवा , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल सहित करीब 10 लाख 55 हजार रुपए कीमत का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार बड़ौद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुराड़िया स्थित पुरानी गिट्टी मशीन के पीछे गौशाला रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से एमडी ड्रग्स लेकर किसी व्यक्ति को देने आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम लोटियाकिशना निवासी दानुसिंह पिता चन्दरसिंह सौंधिया राजपूत (43) को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी कीमत करीब नौ लाख 40 हजार रुपए है, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में दानुसिंह ने बताया कि उसे उक्त एमडी ड्रग्स ग्राम महुडिया निवासी शंकरसिंह पिता गोपालसिंह सौंधिया (25) ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शंकरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके द्वारा दानुसिंह को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने की बात सामने आई।
बड़ौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत एनडीपीसी एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। शंकरसिंह की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 29 एनडीपीसी एक्ट भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित