आगरमालवा , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 252.830 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 17 लाख 80 हजार 150 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनी ट्रक क्रमांक एमपी-43-जी-2596 में अवैध डोडाचूरा भरकर आगरमालवा की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आगरमालवा-उज्जैन रोड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के सामने नाकाबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन की पहचान के आधार पर संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा 252.830 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी रामेश्वर पिता कैलाश चंद्रवंशी, निवासी ग्राम लसूलड़ी, जिला आगरमालवा को गिरफ्तार किया। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 12 लाख 64 हजार 150 रुपये, तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक की कीमत पांच लाख रुपये और रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन की कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने कुल 17 लाख 80 हजार 150 रुपये की सामग्री जब्त कर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 0451/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित