वाराणसी , अक्टूबर 1 -- अखिल भारतीय व्यास संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन में हिंदू धर्मग्रंथों एवं देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ प्रस्ताव किया गया। संघ ने कुल 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए जिन्हे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेषित कर दिया है।
काशी के प्राचीन पातालपुरी मठ में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगद्गुरु बालक देवाचार्य जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संघ के महामंत्री दिनेश त्रिपाठी ने विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए अध्यक्ष से अनुमति मांगी।
अधिवेशन में धर्मांतरण के मुद्दे पर सदस्यों ने चिंता जताते हुए कहा कि धर्मांतरण रोकने के लिए गांव स्तर पर समितियों का गठन कर देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। संघ ने धर्मांतरण प्रभावित क्षेत्रों और जातियों के बीच संवाद स्थापित करने का भी प्रस्ताव पारित किया।
जगद्गुरु बालक देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म के अपमान को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि व्यास कथा के माध्यम से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। व्यास संघ अब अपमान बर्दाश्त नही करेगा। सरकार के आगे अब न्याय की भीख नही मांगेंगे। अभी अखाड़ों से बात चीत चल रही है। अब धर्म की रक्षा के लिए नागाओं के साथ संत भी मोर्चा संभालेंगे। इतनी आसानी से इनको छोड़ने वाले नही है। व्यास रोज अपने कथाओं में धर्म का अपमान करने वाले लोगों का खुलकर नाम लेंगे और लोगो को जागरूक करेंगे।
अधिवेशन में जेन जी को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रवाद से जोड़ने, गौ पालन एवं संरक्षण, संयुक्त परिवार को प्रोत्साहित करने, नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित करने तथा श्रीराम संस्कृति से जोड़ने के लिए टोलियों के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इसके अलावा प्रत्येक कार्यक्रम में वंदे मातरम् को अनिवार्य करने, कथा में स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों की चर्चा करने और समाज में धार्मिक एवं जातिगत भेदभाव समाप्त कर अधिक लोगों को कथाओं से जोड़ने पर भी सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित