चेन्नई , मई 01 -- आईपीएल 2026 के 44वें मैच में एक बार फिर दो पुराने राइवल आमने-सामने होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) अपने घर में मुंबई इंडियंस (एमआई) का सामना करेगी और सीजन में दूसरी बार उन्हें हराने की कोशिश भी करेगी। इस सीजन आठ में से छह मैच गंवा चुकी मुंबई भी कोशिश करेगी कि अपने घर में मिली करारी हार का बदला चेपक में ले पाए। हालांकि, उनके लिए यह आसान नहीं होने वाला है। मुंबई के लिए यह मैच आखिरी उम्मीद बनाये रखने वाला मैच है जबकि एक जीत चेन्नई को प्लेऑफ की होड़ में बनाये रखेगी। चेन्नई के आठ मैचों में तीन जीत और छह अंक है और वह तालिका में छठे स्थान पर है।
बुमराह और बोल्ट लेंगे सीएसके की सलामी जोड़ी की परीक्षाजसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट पावरप्ले में सीएसके की सलामी जोड़ी ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन को जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे। बोल्ट पहले ही दोनों को तीन-तीन बार आउट कर चुके हैं, जो उन्हें एक बड़ा ख़तरा बनाता है। गायकवाड़ ने बोल्ट के ख़िलाफ़ छह पारियों में सिर्फ़ 34 रन बनाए हैं और तीन बार आउट हुए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 110 है।
जबकि बुमराह के ख़िलाफ़ गायकवाड़ ने चार पारियों में 29 रन बनाए हैं और एक बार भी आउट नहीं हुए और उनका स्ट्राइक रेट 153 रहा है। वहीं सैमसन का रिकॉर्ड बुमराह के ख़िलाफ़ 14 पारियों में 84 रन और दो बार आउट हुए हैं जबकि उन्होंने 114 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। बोल्ट के ख़िलाफ़ आठ पारियों में उन्होंने 32 रन बनाए हैं और तीन बार आउट हुए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 119 का रहा है।
मुंबई के मिडिल ऑर्डर के सामने स्पिनर्स की चुनौतीमुंबई के मिडिल ऑर्डर सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या को नूर अहमद और अकील हुसैन जैसे स्पिनर्स के ख़िलाफ चुनौती का सामना करना होगा। सूर्यकुमार ने नूर के ख़िलाफ़ छह पारियों में 133 की स्ट्राइक रेट से 65 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं, जबकि अकील के ख़िलाफ़ आठ पारियों में 114 की स्ट्राइक रेट से 64 रन बनाने के साथ ही वह दो बार आउट हुए हैं। तिलक ने अकील के ख़िलाफ़ पांच पारियों में केवल 87 की स्ट्राइक रेट से 20 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं। हार्दिक ने सात पारियों में 25 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 81 ही रहा है।
ग़जनफ़र का मध्य ओवरों में असरअल्लाह ग़ज़नफ़र इस सीजन में मुंबई के सबसे असरदार गेंदबाज़ रहे हैं और सीएसके के मिडिल ऑर्डर शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और सरफराज ख़ान के ख़िलाफ अहम साबित हो सकते हैं। आईपीएल 2026 में स्पिन के ख़िलाफ़ दुबे दो बार आउट हुए हैं, औसत 18.5 और स्ट्राइक रेट 142 है। सरफ़राज चार बार आउट हुए हैं, औसत सिर्फ़ 9.8 और स्ट्राइक रेट 122 है, जबकि ब्रेविस दो बार आउट हुए हैं, औसत 22 और स्ट्राइक रेट 138 है। ग़जनफ़र ने इस सीज़न में अपने 71 प्रतिशत ओवर (ओवर 7 से 16 के बीच) डाले हैं, जिसमें उन्होंने छह विकेट लिए हैं, 9.3 की इकॉनमी और 15 की स्ट्राइक रेट के साथ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित