हरिद्वार , जुलाई 19 -- उत्तराखंड में मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला लगातार जारी है। भारी बारिश और भूस्खलन के बीच अब आकाशीय बिजली भी जानलेवा साबित हो रही है। हरिद्वार जनपद के सिडकुल थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम खेत में काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार ग्राम डालूवाला मजबता में शनिवार शाम अचानक मौसम बिगड़ने के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय खेत में कार्य कर रहे नरेंद्र सिंह उर्फ नगीन (55) पुत्र स्व. अतर सिंह निवासी ग्राम डालूवाला मजबता तथा रणधीर सिंह (38) पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम खालाटीरा इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को तत्काल रुड़की के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित