चंडीगढ़ , मई 31 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ सबोर्डिनेट फेडरेशन ने सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कार्यमुक्त किये जाने का विरोध किया है।
फेडरेशन के प्रधान रंजीत मिश्रा ने आरोप लगाया कि कई कर्मचारियों को जुलाई तक रिलीव कर दिया गया है, जबकि संबंधित आउटसोर्सिंग टेंडर अभी भी प्रभावी है।
उन्होंने कहा कि 10 से 15 वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को हटाया गया है, जबकि कुछ नये कर्मचारियों को काम पर बनाये रखा गया है। फेडरेशन का आरोप है कि पुराने कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया गया है और कुछ चहेते लोगों को नौकरी में बनाये रखा गया है।
श्री मिश्रा ने बताया कि प्रभावित कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन भी नहीं मिला है, जिससे उनके सामने परिवार के पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। अधिकांश कर्मचारी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से संबंधित हैं।
फेडरेशन ने मांग की है कि कार्यमुक्त किये गये सभी कर्मचारियों को तुरंत बहाल किया जाये, वेतन का भुगतान किया जाये और भविष्य में पारदर्शी नीति लागू की जाये। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारियों के समर्थन में आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही उच्च शिक्षा निदेशक, यूटी चंडीगढ़ से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित