भीलवाड़ा , जुलाई 30 -- राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बढ़ते अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) राहुल कोटोकी ने गुरुवार को भीलवाड़ा में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में श्री कोटोकी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनायी जाये और जिले में सक्रिय हर आपराधिक गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री कोटोकी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों से अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और कानून-व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखने, साइबर ठगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिये।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सागर राणा के साथ हाल ही में चर्चित दुबई से संचालित होकर भीलवाड़ा में रंगदारी और वसूली करने वाले गिरोह पर भी विस्तार से चर्चा हुई। श्री कोटोकी ने इस गिरोह से जुड़े प्रत्येक अपराधी की पहचान करके उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित