बैतूल , नवंबर 04 -- युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आईसेक्ट इंडिया की 'कौशल विकास यात्रा-2026' का मंगलवार को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बैतूल में शुभारंभ किया गया। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में आईटीआई के प्राचार्य शुभम वानखेड़े ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आईसेक्ट के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अभियान की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एआई आधारित पाठ्यक्रमों की बारीकियों से अवगत कराया तथा आधुनिक तकनीकी दौर और भविष्य के रोजगार के क्षेत्र में एआई की बढ़ती उपयोगिता एवं महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा के प्रति उत्साह दिखाया। इस पर प्राचार्य शुभम वानखेड़े ने संस्थान में उन्नत एआई पाठ्यक्रम शुरू करने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम में आईसेक्ट की ओर से वेद प्रकाश, सचिन सराठे और विनोद सेंड उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर आईसेक्ट टीम ने आईटीआई प्राचार्य शुभम वानखेड़े, प्रशिक्षण अधीक्षक हरिराम यादव, घोषित महाजन और प्रशिक्षण अधिकारी हेमलता बाघमारे के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने और उनके लिए रोजगार के नए अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित