जोधपुर , जुलाई 23 -- राजस्थान स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (राजसीको) द्वारा संचालित इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) जोधपुर ने निर्यात लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक नयी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार केवल निर्यात माल से पूर्णतः भरी हुई कंटेनर रेल रेक का सफल संचालन किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आईसीडी जोधपुर से अब तक 552 नग 40 फीट निर्यात कंटेनर मुंद्रा पोर्ट के लिए प्रेषित किये जा चुके हैं वहीं, निर्यातकों को समय पर कंटेनरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 570 खाली 40 फीट कंटेनर सोनीपत से जोधपुर लाये गये। आज पहली बार ऐसी संपूर्ण कंटेनर रेक का संचालन किया गया, जिसमें सभी कंटेनर निर्यात सामग्री से पूर्णतः भरे हुए थे तथा एक भी खाली कंटेनर शामिल नहीं था। यह उपलब्धि आईसीडी जोधपुर के परिचालन इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

इस अवसर पर जोधपुर हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत बिनेजा तथा लघु उद्योग भारती जोधपुर के जिला अध्यक्ष सुरेश बिश्नोई ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के उद्योगों एवं निर्यातकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी तथा राजस्थान की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को और सुदृढ़ बनायेगी।

उन्होंने कहा कि आईसीडी जोधपुर से पहली पूर्णतः भरी हुई कंटेनर रेक का सफल संचालन राज्य में विकसित हो रही आधुनिक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित