नयी दिल्ली , मार्च 17 -- भारत सरकार के कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्यरत संसद के अधिनियम द्वारा स्थापित वैधानिक संस्था, भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) बुधवार को (18 मार्च) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 'राइज़ इंडिया लीडरशिप सम्मेलन' का आयोजन करेगा। इस आयोजन की घोषणा मंगलवार को आईसीएमएआई मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में की गयी।
जानकारी के मुताबिक सम्मेलन का का विषय "वैश्विक क्षमता केंद्रों के लिए रणनीतिक नेतृत्व - मूल्य सृजन और क्षमता संवर्धन के वास्तुकार के रूप में सीएमए" रखा गया है। इस दौरान बदलते व्यावसायिक माहौल में रणनीतिक नेतृत्व की भूमिका पर विस्तृत चर्चा होगी।
इस सम्मेलन में संगठनात्मक परिवर्तन को गति देने, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने और सतत मूल्य सृजन के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और आधुनिक उद्योगों को सशक्त बनाने में लागत एवं प्रबंध लेखाकारों (सीएमए) की भूमिका को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा।
कार्यक्रम में देश और विदेश के प्रतिष्ठित सीईओ, सीएफओ, कॉर्पोरेट लीडर्स, एचआर विशेषज्ञ, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह मंच विचारों के आदान-प्रदान, सहयोग और रणनीतिक दृष्टिकोण को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
इस आयोजन का नेतृत्व आईसीएमएआई के अध्यक्ष टीसीए श्रीनिवास प्रसाद, उपाध्यक्ष नीरज धनंजय जोशी और करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट समिति के अध्यक्ष विनयारंजन पी. सहित संस्थान के अन्य परिषद सदस्यों के नेतृत्व में किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित