नैनीताल/मुक्तेश्वर , जून 15 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (अप्रा) गुरमीत सिंह मंगलवार को मुक्तेश्वर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में आयोजित "खेत बचाओ अभियान" एवं वैज्ञानिक सम्मान समारोह का शुभारंभ करेंगे।

कृषि, पशुपालन और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को क्षेत्र के किसानों और वैज्ञानिक समुदाय के लिए विशेष माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यपाल कार्यक्रम के दौरान आईवीआरआई में राष्ट्रीय पशु चिकित्सा धरोहर पुस्तकालय, पशु चिकित्सा धरोहर संग्रहालय तथा विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उन्हें संस्थान में संचालित अनुसंधान एवं नवाचार गतिविधियों की भी जानकारी दी जाएगी।

समारोह में राज्यपाल द्वारा "खेत बचाओ अभियान" का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को पशुपालन से संबंधित उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया जाएगा, जिससे पशुपालकों और कृषकों को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में वैज्ञानिकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किए जाने की भी योजना है। यह सम्मान समारोह कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समारोह के समापन पर राज्यपाल तथा अन्य अतिथिगण प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी करेंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

आईवीआरआई मुक्तेश्वर में आयोजित यह कार्यक्रम कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जिसमें वैज्ञानिकों, अधिकारियों, किसानों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित