नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को यहां आईबीएम और जेफरीज के शीर्ष अधिकारियों के साथ अलग-अलग मुलाकात की।
श्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन बैठकों की तस्वीरें भी साझा की है। उन्होंने लिखा कि सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कृष्णा के साथ उनकी सकारात्मक मुलाकात हुई। इस दौरान भारत में कंपनी की बढ़ती उपस्थिति और देश के युवाओं को भविष्योन्मुखी क्षमताओं से लैस करने के लिए एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) पहलों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
श्री गोयल ने कहा कि प्रौद्योगिकी की शीर्ष वैश्विक हस्तियों को भारत के नवाचार और सतत विकास के लक्ष्यों में सकारात्मक योगदान देते हुए देखना उत्साहजनक है।
श्री गोयल ने बताया कि वैश्विक निवेश बैंकिंग कंपनी जैफरीज में इक्विटी रणनीति के वैश्विक प्रमुख क्रिस्टोफर वुड के साथ मुलाकात में एआई, बढ़ते पूंजी प्रवाह और वैश्विक बाजार का आकार देने वाले महत्वपूर्ण कारकों पर चर्चा हुई। इस बात पर भी चर्चा हुई कि भारत की विकास गाथा के साथ किस प्रकार इनका साम्य हो सकता है ताकि विभिन्न सेक्टरों में बड़े अवसरों वाले आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में देश की स्थिति और मजबूत हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित