भोपाल , अप्रैल 21 -- मध्यप्रदेश आईपीएस एसोसिएशन ने शिवपुरी जिले के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि विधायक द्वारा मीडिया में दिए गए बयान और वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का उपयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय है और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त टिप्पणियां न केवल एक पुलिस अधिकारी, बल्कि उनके परिवार के प्रति भी की गई हैं, जो पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।

एसोसिएशन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण और भाषा में संयम बनाए रखें। इस प्रकार की बयानबाजी लोकतांत्रिक व्यवस्था में न तो स्वीकार्य है और न ही प्रशासनिक तंत्र के मनोबल के लिए उचित है।

प्रेस नोट में यह भी कहा गया है कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों को प्रभावित करती हैं और पुलिस सेवा की निष्पक्षता पर प्रतिकूल असर डालती हैं। एसोसिएशन ने राज्य सरकार से मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने हस्ताक्षरित इस पत्र में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सिविल सेवा दिवस के दिन ही एक अधिकारी के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपने सदस्यों के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित