नयी दिल्ली , मार्च 20 -- ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जॉश हेजलवुड के अपनी टीमों के शुरुआती आईपीएल मैचों के लिए उपलब्ध रहने की संभावना कम है, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) आगामी व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख तेज गेंदबाज़ों के वर्कलोड को मॉनिटर कर रही है।

इसका मतलब है कि स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) और हेजलवुड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो आगामी आईपीएल सीजन के कुछ हिस्से या पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। पैट कमिंस पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती मैचों से बाहर हो चुके हैं, जबकि जैक एडवर्ड्स (सनराइजर्स हैदराबाद) भी शुक्रवार को पूरी तरह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए। नेथन एलिस (चेन्नई सुपर किंग्स) के भी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने की प्रबल संभावना है।

कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई समर में सिर्फ़ एक टेस्ट खेला था। दिसंबर में खेला गया तीसरा एशेज टेस्ट, जुलाई 2025 के बाद उनका एकमात्र मैच था। उन्होंने इस टेस्ट मैच से पहले और बाद में अपनी पीठ की स्ट्रेस चोट को मैनेज किया।

वहीं, हेज़लवुड हैमस्ट्रिंग समस्या के कारण पूरी एशेज सीरीज से बाहर रहे। हेजलवुड ने पिछले साल घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और भारत के ख़िलाफ सीमित ओवर के कुछ मैच खेले थे, साथ ही नवंबर में एक शेफ़ील्ड शील्ड मैच में भी हिस्सा लिया था। लेकिन पिछले कई महीनों में वह ज़्यादातर समय बाहर ही रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित