कोलकाता , मार्च 21 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज मतिशा पथिराना के अप्रैल मध्य से उपलब्ध होने की संभावना जताई है।

पिंडली में खिंचाव के कारण टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हुए पथिराना इस समय श्रीलंका क्रिकेट की देखरेख में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं। टूर्नामेंट में पथिराना केवल तीन मैच ही खेल पाए थे और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मुक़ाबले के दौरान उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। जिसके चलते आईपीएल 2026 के शुरुआत में उनकी उपलब्धता को लेकर उनकी चिंताएं बढ़ गई थीं।

केकेआर के प्री सीज़न प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान नायर ने कहा, "हमें जो ताज़ा जानकारी मिली है उसके अनुसार वह श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ हैं और उन्होंने उनका रिहैब शुरू कर दिया है। हमें जो सबसे नई जानकारी मिली है उसके अनुसार वह अप्रैल के मध्य तक मैच खेलने के लिए फ़िट हो जाएंगे। फ़िलहाल हमें इतना पता है।"इस समयावधि को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि पथिराना आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर से बाहर रहेंगे, जिसके चलते केकेआर की गेंदबाज़ी योजनाओं को बड़ा झटका लगेगा। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) द्वारा रिलीज किए जाने के बाद केकेआर ने नीलामी में पथिराना को 18 करोड़ में ख़रीदा था।

हर्षित राणा की अनुपस्थिति की वजह से भी केकेआर को झटका लगा है। घुटने की चोट के चलते राणा इस समय बाहर चल रहे हैं जो कि पिछले कुछ सीज़न में केकेआर के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण के मुख्य स्तंभ रहे हैं। हालांकि राणा को अभी औपचारिक रूप से टूर्नामेंट से बाहर घोषित नहीं किया गया है लेकिन नायर ने संकेत दिए कि टीम पहले ही उनके विकल्पों को तलाश रही है।

राणा को टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लग गई थी जिसके बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

नायर ने कहा, "सबसे पहले तो यह बड़ा झटका है। क्योंकि ख़िताबी सीज़न को जोड़ते हुए हर्षित पिछले कुछ सीजन से टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। इन वर्षों में एक क्रिकेटर के तौर पर उन्होंने काफ़ी विकास किया है इसलिए उन्हें रिप्लेस करना आसान नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित