नैनीताल , मार्च 30 -- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों में सट्टेबाजी के आरोप में पुलिस ने रविवार रात को कालाढूंगी और हल्द्वानी में दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाढूंगी पुलिस को आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के संबंध में शिकायत मिली थी। पुलिस ने खेल मैदान के पास छापा मारकर एक व्यक्ति को सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफाक अहमद (32) निवासी वार्ड नंबर 04, कालाढूंगी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 5,150 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।

हल्द्वानी में भी पुलिस ने गोला गेट राजपुरा क्षेत्र में एक अन्य सट्टेबाज रवि को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1,270 रुपये नगद, सट्टा पर्चियां, डायरी और पेन बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत पृथक-पृथक मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार सट्टेबाजों और जुए के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित