रुद्रपुर , मई 23 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये भी नकद बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर जिले में आईपीएल मैचों में आनलाइन सट्टा की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति की ओर से सभी थानों की पुलिस को अलर्ट जारी किया गया।
इसी क्रम में शनिवार को पुलभट्टा पुलिस और विशेष अभियान समूह की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी वार्ड नंबर-3, इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी, सितारगंज, थाना सितारगंज, जिला ऊधमसिंहनगर तथा सौरभ कुमार निवासी कुँवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज, ऊधमसिंहनगर,रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र भट्ट, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, एसओजी रुद्रपुर के कांस्टेबल दिनेश चन्द्र, ललित कुमार, राजेन्द्र कुमार और दलीप फर्त्याल शामिल रहे।
एसएसपी गणपति ने कहा कि जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित