मुम्बई , मई 31 -- दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इंपेक्ट प्लेयर नियम खत्म कर दिया जाना चाहिए।
अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले आईपीएल 2026 फाइनल से एक रात पहले 21वीं सदी के महानतम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के लिए आयोजित ईएसपीएन क्रिकइंफो पुरस्कार समारोह में तेंदुलकर ने कहा, "मेरी व्यक्तिगत राय में कुछ चीज़ें हैं, जिनके बारे में मैं कहना चाहूंगा। मुझे लगता है कि इंपैक्ट प्लेयर नियम को हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि टी-20 प्रारुप में आपको केवल 20 ओवर ही खेलने होते हैं और फिर आप बल्लेबाजी लाइन-अप में एक अतिरिक्त बल्लेबाज जोड़ देते हैं। जब गेंदबाज पहले से ही बेहद चुनौती झेल रहे हैं, तो मुझे यह असंतुलन लगता है।"2023 में शुरू किया गया इंपैक्ट प्लेयर नियम टीमों को यह अनुमति देता है कि वे अपनी एकादश में शामिल किसी एक खिलाड़ी को बाहर करके टॉस से पहले तय किए गए पांच खिलाड़ियों की सूची में से किसी एक को मैच के दौरान शामिल कर सकें। इस नियम की मुख्य आलोचना यह रही है कि इससे बल्लेबाज़ अधिक आज़ादी के साथ खेल सकते हैं और पिछले दो-तीन सीज़न में रन गति और टीम स्कोर में बढ़ोतरी इसी का असर मानी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित